Punjab SIR News : पंजाब में विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज फाइनल वोटर लिस्ट आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई। इसमें 7,97,263 नए मतदाता शामिल किए गए हैं। विभिन्न कारणों से 13,60,316 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए यह संशोधित मतदाता सूची जारी की गई है।

पंजाब में मतदाताओं के आंकड़ों का गणित

जब जून के महीने में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का अभियान शुरू हुआ था, तब पंजाब में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2,14,61,043 थी। वहीं आज प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार, अब राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2,01,00,767 रह गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और 14 मई 2026 की अधिसूचना के तहत पंजाब में 25 जून 2026 से SIR की शुरुआत की गई थी। पंजाब को इस अभियान के तीसरे चरण में रखा गया था। 9 जून 2026 तक राज्य में दर्ज कुल वोटर 2,14,61,043 थे।

35.49 लाख लोगों को थमाया था नोटिस

SIR प्रक्रिया के दौरान 35,49,036 लोगों को नोटिस भेजे गए थे। उसके बाद विस्तृत जांच और आधिकारिक आदेशों के आधार पर 86038 लोगों को अयोग्य घोषित किया गया। जब ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल जारी हुआ था, तब मतदाताओं की संख्या 1,93,94,435 थी। यह अब अंतिम सूची में बढ़कर 2,01,00,727 हो गई है। यह आंकड़े ड्राफ्ट रोल की तुलना में 3.64% की बढ़ोतरी दिखाते हैं।

कितने पुरुष, कितनी महिला और थर्ड जेंडर वोटर?

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार 2,01,00,727 मतदाताओं का आंकड़ा इस प्रकार है:-

पुरुष मतदाता : 1,03,76,026

महिला मतदाता : 97,24,195

थर्ड जेंडर मतदाता : 506

पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन

साथ ही मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन किया गया है। इसके चलते प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 24453 से बढ़कर अब 25332 हो गई है।

अगर सूची में नाम नहीं है तो क्या करें?

पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई योग्य नागरिक अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद भी अपना नाम जुड़वाने से वंचित रह गया है या फिर कोई नया मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना चाहता है, तो उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे व्यक्ति ECINet मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं या फिर अपने संबंधित BLO से मिलकर ऑफलाइन फॉर्म नंबर 6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल करा सकते हैं।