करवा चौथ का त्योहार सिर्फ आम घरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में भी इसकी खूब रौनक देखने को मिली। 29 अक्टूबर को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना के साथ व्रत रखा। इस बीच कुछ मुस्लिम एक्ट्रेसेस और सिंगर भी अपने करवा चौथ सेलिब्रेशन को लेकर चर्चा में रहीं। हिना खान से लेकर शफक नाज और अफसाना खान तक, इन एक्ट्रेसेस ने इस त्योहार को मनाया। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें और वीडियो भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
हिना खान ने पति रॉकी जायसवाल के लिए रखा व्रत
टीवी की मशहूर एक्ट्रेस हिना खान इस बार भी करवा चौथ को लेकर काफी एक्साइटेड नजर आईं। उन्होंने अपने पति रॉकी जायसवाल की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा। जून 2025 में दोनों ने शादी की थी और ये शादी के बाद उनका दूसरा करवा चौथ था। इस खास मौके पर हिना ने रानी पिंक रंग की साड़ी पहनी। माथे पर बिंदी, मांग में सिंदूर और हाथों में मेहंदी के साथ उनका लुक बेहद खूबसूरत नजर आया। हिना ने पति के साथ रोमांटिक तस्वीरें भी शेयर कीं। एक तस्वीर में वो छलनी से रॉकी को देखती नजर आईं।
शफक नाज का नाम भी चर्चा में
टीवी एक्ट्रेस शफक नाज भी इस लिस्ट में शामिल हैं। 'महाभारत' में कुंती का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली शफक अपनी खूबसूरती और एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। करवा चौथ के त्योहार पर उनकी तस्वीरों और सोशल मीडिया पर मौजूद पोस्ट की वजह से फैंस के बीच काफी दिलचस्पी देखने को मिली।
अफसाना खान ने साज के लिए रखा व्रत
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की पॉपुलर सिंगर और बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट अफसाना खान ने भी अपने पति साज के लिए करवा चौथ का व्रत रखा। इस खास मौके पर वो लाल रंग के सूट और मैचिंग चूड़ियों में नजर आईं। रात को चांद देखने और पति का चेहरा निहारने के बाद उन्होंने अपना व्रत खोला। अफसाना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने पति के साथ जिंदगीभर का साथ बने रहने की ख्वाहिश जाहिर की।
किश्वर मर्चेंट ने भी किया करवा चौथ
किश्वर मर्चेंट ने अपने पति सुयश राय के लिए करवा चौथ का व्रत किया। एक्ट्रेस ने लाल सूट पहनकर अपनी मेहंदी और कांच की चूड़ियां फ्लॉन्ट करते हुए भी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। किश्वर माथे पर बिंदी लगाकर और मंगलसूत्र पहनकर मुस्कुराती हुई दिखाई दीं।