टीम इंडिया आज जापान के खिलाफ पहली बार पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रहीं हैं। यह ऐतिहासिक T20I मुकाबला जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है। हालांकि, मैच से पहले मौसम ने करवट बदली और मैदान के ऊपर बादल आ गए हैं। पिछले कुछ दिनों से जापान में खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा है। टाइफून डुजुआन के प्रभाव के चलते कई हिस्सों में बारिश हुई है। खराब मौसम का असर भारतीय टीम की तैयारियों पर भी दिखाई दिया। लगातार बारिश और मैदान की स्थिति ठीक नहीं होने के चलते टीम का प्रैक्टिस सेशन रद्द हो गया।
मैच के समय बारिश की कितनी संभावना?
सानो में मंगलवार को दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। सुबह का तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही बारिश की संभावना भी लगभग 25 प्रतिशत बताई गई है। दोपहर में तापमान बढ़कर करीब 26 डिग्री सेल्सियस तक अनुमान है। शाम के समय तापमान गिरने की उम्मीद है। मौसम के इस पूर्वानुमान से फिलहाल लंबे समय तक तेज बारिश के संकेत नहीं हैं। हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मुकाबले के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की गारंटी नहीं है।
गीला मैदान बन सकता है बड़ी चुनौती
अगर मुकाबले के दौरान बारिश होती है तो उसके बाद फिर से मुकाबला शुरू करवाने में ग्राउंड स्टाफ को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश की वजह से सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड की आउटफील्ड प्रभावित हुई है। इसका ताजा उदाहरण 20 सितंबर को हुए जापान और हांगकांग का मुकाबला है। वह मुकाबला भी इसी मैदान पर होने वाला था लेकिन मैदान गीला होने की वजह से टॉस तक नहीं हो पाया और अंततः मुकाबला रद्द करना पड़ा। ऐसे में आज बारिश रुक जाने के बाद भी अगर मैदान पर्याप्त समय में सूख पाया, तभी भारत-जापान मैच की शुरू तो हो जाएगा लेकिन देरी के साथ।
एशियन गेम्स से पहले भारत के लिए अहम मुकाबला
टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला सिर्फ ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा बनने तक सीमित नहीं है। यह मुकाबला टीम के लिए 2026 एशियन गेम्स की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। भारत का एशियन गेम्स में सफर 28 सितंबर से शुरू होगा। टीम इंडिया श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरेगी। यह मुकाबला पूरी टीम को जापान की पिच और परिस्थितियों को समझने में मदद करेगा। हालांकि, बारिश की वजह से सोमवार का अभ्यास रद्द होने की वजह से खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों को समझने और तालमेल बैठाने का मौका नहीं मिल सका।
जापान के लिए भी ऐतिहासिक दिन
वहीं, मेजबान जापान के लिए यह मुकाबला एक बहुत बड़ा अवसर बनकर आया है। घरेलू मैदान पर भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलना जापानी क्रिकेट के लिए यादगार पल होगा। बता दें, दोनों देशों की पुरुष क्रिकेट टीमों के बीच यह पहली अंतरराष्ट्रीय भिड़ंत है। यह मुकाबला भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के मौके से भी जुड़ा हुआ है। फैंस की नजरें सानो के आसमान पर टिकी हैं। अगर मौसम ने साथ दिया और मैदान खेलने लायक रहा, तो भारत और जापान के बीच होने वाला यह पहला पुरुष T20I मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास में एक खास अध्याय जोड़ सकता है।