दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं को गाजियाबाद में यूपी बॉर्डर पर रोके जाने का मामला सामने आया है। कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोके जाने के बाद मौके पर हलचल बढ़ गई। विपक्षी गठबंधन की इस रैली में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं।
राहुल गांधी ने लगाया था रास्ते में रोकने का आरोप
INDIA ब्लॉक की रैली से पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी लोगों की आवाजाही में बाधा डालने का आरोप लगाया था। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए राहुल गांधी से इसका सबूत मांगा था। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा था कि कांग्रेस नेता को बताना चाहिए कि किसे और कहां रोका गया।
रामलीला मैदान में जुट रहे INDIA ब्लॉक के समर्थक
INDIA ब्लॉक की रैली के लिए रविवार सुबह से ही दिल्ली के रामलीला मैदान में समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आवास के बाहर जुटे और वहां से रैली स्थल की ओर रवाना हुए। विपक्षी दलों ने इस कार्यक्रम को 'चलो दिल्ली' नाम दिया है। विपक्षी दलों ने रैली का आयोजन मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में किया है। INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटाए गए हैं और चुनाव आयोग को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।