'बिग बॉस 6' में इमाम सिद्दीकी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने एंटरटेनमेंट के नाम पर न सिर्फ कंटेस्टेंट्स को डराया था, बल्कि शो के होस्ट सलमान खान से भी पंगा ले लिया था। आज भी इमाम सिद्दीकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है, जिसमें इमाम अपनी हद भूलकर सलमान खान को 'टाइम आउट' कहते हैं। सलमान को इमाम सिद्दीकी की इस हरकत पर कितना गुस्सा आया था वो हर कोई जनता है। अब उन्हीं इमाम सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर सलमान खान को एक ओपन लेटर है। आखिर ये लेटर लिखने की वजह क्या है और इसमें क्या लिखा है, ये भी जान लेते हैं। 

इमाम ने सलमान को क्यों लिखा ओपन लेटर?

दरअसल, हाल ही में 'बिग बॉस 20' के वीकेंड के वार पर सलमान खान ने काजी तौकीर को फटकार लगाई थी। इस दौरान उन्होंने काजी से कहा, 'ये गलत है काजी! इमाम सिद्दीकी ने भी ये किया था कि अब मैं इसे परेशान करूंगा। इमाम ने बीमारी का नाटक नहीं किया था।' अब इस क्लिप को शेयर करते हुए इमाम सिद्दीकी ने लिखा, 'सलमान खान के लिए ओपन लेटर। आदरणीय सलमान खान सर, आदाब। मैं इमाम सिद्दीकी। आपके हालिया बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार एपिसोड जो 3 अक्टूबर 2026 को आया था, उसमें आपने मेरा नाम नेशनल टीवी पर जिस तरह से लिया वो मुझे बेहद अपमानसूचक और फैक्ट्स में गलत लगा।'

सलमान की इस बात पर इमाम ने जताई आपत्ति 

इमाम सिद्दीकी ने अपने इस लेटर में आगे लिखा, 'आपने कहा कि इमाम सिद्दीकी ने भी ये किया था- ये श्रेय देना गलत है। मैंने परेशान करने के इरादे से किसी भी कंटेस्टेंट को कभी तंग नहीं किया। बिग बॉस 6 में मेरी जर्नी एंटरटेनमेंट, टास्क और परफॉरमेंस पर आधारित थी। मैंने अपनी जर्नी डिग्निटी के साथ पूरी की। जब करोड़ों दर्शकों के सामने मेरा नाम नेगेटिव एक्साम्प्ल के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, वो भी तब जब मैं खुद को डिफेंड करने के लिए मौजूद नहीं हूं, तो इससे मेरी इमेज, मेरे 44 साल के एडवरटाइजिंग, ब्राडकास्टिंग, कॉर्पोरेट, डिजाइन, एजुकेशन, इवेंट्स, एंटरटेनमेंट फैशन करियर और मेरी फैमिली की इज्जत को काफी बड़ा नुकसान पहुंचता है।' 

सलमान से इमाम ने की रिक्वेस्ट 

इमाम सिद्दीकी ने आखिर में सलमान खान से गुजारिश करते हुए कहा, 'आपकी और बिग बॉस प्लेटफॉर्म की इज्जत करते हुए, मैं शो पर सफाई और सुधार की गुजारिश करता हूं और मेरा नाम भविष्य में अपमानजनक संदर्भ में इस्तेमाल न किया जाए। मैंने इंडस्ट्री के एक बड़े भाई के तौर पर हमेशा आपकी इज्जत की है और आगे भी यूं ही करता रहूंगा। मैं उम्मीद करता हूं कि आप इसे उसी फेयरनेस के साथ देखेंगे जैसा आप घर के अंदर दिखाते हैं। शुक्रिया।' अब इमाम का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।