Flydubai Flight News Hindi : दुबई से तेल अवीव की उड़ान भर रहे फ्लाईदुबई के एक विमान में आसमान के बीचोबीच एक खौफनाक वारदात सामने आई। फ्लाइट के दौरान सिरफिरे हमलावर ने मुख्य पायलट (कैप्टन) पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और प्लेन का नियंत्रण बिगाड़कर उसे दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया। गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय दिया। बेहोश होने से ठीक पहले उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक कर दिया। इससे बाहर मौजूद यात्रियों ने अंदर घुसकर हमलावर को दबोच लिया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद प्लेन को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे की ओर मोड़कर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता की जमकर सराहना की है।
यात्री ने बयां किया खौफनाक मंजर
विमान में सवार इजरायली नागरिक यानिव हायून ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के दौरान उस खौफनाक घटना की पूरी आपबीती साझा की। हायून के अनुसार उड़ान के दौरान अचानक केबिन की लाइटें बंद हो गईं। चीख-पुकार मच गई और विमान तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। अनहोनी का अहसास होते कुछ यात्री कॉकपिट की तरफ भागे। कॉकपिट के दरवाजे के पास लहूलुहान पड़े कैप्टन मच्छार ने अपनी बची-कुची ताकत लगाकर दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही यात्रियों ने देखा कि कैप्टन नीचे गिरे पड़े हैं। हमलावर विमान के कंट्रोल पैनल और उपकरणों को तोड़फोड़ कर प्लेन को क्रैश कराने की कोशिश कर रहा।
यात्री ने दिखाई हिम्मत, क्रैश शो के अनुभव से संभाला कंट्रोल
यानिव हायून ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत हमलावर की गर्दन पकड़ी और उसे खींचकर कॉकपिट से बाहर ले आए। बाकी यात्रियों की मदद से उसे नीचे पटककर बांध दिया गया। इसके तुरंत बाद हायून कॉकपिट में घुसकर विमान के कंट्रोल को संभाला। जब पीएम नेतन्याहू ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें प्लेन उड़ाना आता था तो हायून ने बताया कि वह अक्सर टीवी पर एयर क्रैश इन्वेस्टिगेशन शो देखते हैं। उसी अनुभव के आधार पर उन्होंने तुरंत कंट्रोल लीवर को ऊपर की ओर खींचा, जिससे प्लेन संतुलित हो गया। इत्तेफाक से केबिन में फ्लाईदुबई के दो अन्य पायलट भी सफर कर रहे थे, जिन्होंने तुरंत कॉकपिट में पहुंचकर पूरी कमान अपने हाथ में ले ली।
महज 37 सेकंड में 14 हजार फीट नीचे गिरा प्लेन
फ्लाइट ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार यह हादसा तब हुआ, जब प्लेन 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था। हमले के तुरंत बाद महज 37 सेकंड के भीतर विमान तेजी से नीचे गिरकर 18925 फीट पर आ गया था। इस दौरान विमान से हाईजैक का इमरजेंसी सिग्नल जारी हुआ। उसके बाद इजरायली वायुसेना ने एहतियातन अपने फाइटर जेट्स को तुरंत रवाना कर दिया था।
कैप्टन की हालत में सुधार
सऊदी अरब के तबुक शहर में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद जख्मी भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी चोटें गंभीर हैं लेकिन फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह का वाणिज्य दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों और पायलट के परिवार के संपर्क में हैं।
पीएम मोदी और नेतन्याहू ने बताया 'हीरो'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर कैप्टन मच्छार की बहादुरी का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर 180 यात्रियों की रक्षा करने वाले कैप्टन मच्छार का साहस अभूतपूर्व है और पूरे भारत को उन पर गर्व है। इजरायली पीएम नेतन्याहू ने कहा कि भारतीय कैप्टन ने अपनी जान पर खेलकर कॉकपिट का दरवाजा न खोला होता तो इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान बचा पाना असंभव था।