Chirag Paswan Statement On CJP Protest : दिल्ली में युवा और छात्र आंदोलन को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने आज पटना में मीडिया से कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना हर नागरिक का एक बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग इन प्रदर्शनों की आड़ में हिंसा भड़काने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं, ऐसे असामाजिक तत्वों की तुरंत पहचान करके उन्हें रोका जाना चाहिए।

रामविलास पासवान के छात्र आंदोलन से जुड़े होने का किया जिक्र

चिराग ने दिवंगत पिता और दिग्गज नेता रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उनके पिता खुद ऐसे छात्र आंदोलनों के जरिए निकलकर राजनीति में आए थे। जब बिहार की इसी पावन धरती पर जयप्रकाश नारायण (जेपी) ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था, तब रामविलास ने भी उस ऐतिहासिक आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। चिराग ने माना कि समय-समय पर होने वाले इन आंदोलनों ने न केवल देश को सही दिशा दिखाई है, बल्कि राजनीति को आगे बढ़ाने वाले नए युवा चेहरों को भी सामने लाने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा, कोई असामाजिक तत्व ऐसे आयोजनों का फायदा उठाकर केवल हिंसा और अराजकता का माहौल बनाना चाहता है तो ऐसे चेहरों को सख्ती से चिह्नित किया जाना चाहिए।

कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने कल हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से कल आंदोलन का आह्वान किया गया था और उसके जरिए देश में फिर अराजकता का माहौल पैदा करने की सोच को बढ़ावा दिया जा रहा था, ऐसे हालात में केंद्र सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों और इसे नियंत्रित करने के तरीके की वह सराहना करते हैं। चिराग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस 3-4 दिनों से केवल यही सब करने में जुगी है। कांग्रेस की वजह से पूरी दिल्ली और दिल्ली के आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। कांग्रेस को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली या किसी बात पर कोई आपत्ति है तो उन्हें सही माध्यम और प्रक्रिया अपनाकर चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पहले ही राष्ट्रपति से मिल चुकी है। उसके बावजूद वे सिर्फ संसद या सड़कों पर हंगामा खड़ा कर रहे। तीन-चार दिनों तक सड़कों को जाम करके रखना किसी भी लिहाज से सही नहीं ठहराया जा सकता। चिराग ने आरोप लगाया कि सीजेपी (या संबंधित राजनीतिक दलों) जैसी पार्टियां जिस प्रकार युवाओं की आड़ में देश में अराजकता पैदा करना चाहती हैं, उन ताकतों की पहचान करके उन पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।

छात्रों और लड़कियों पर बल प्रयोग के सवाल पर बोले चिराग

पत्रकारों ने उनसे प्रदर्शन में शामिल छात्रों-युवतियों की पिटाई को लेकर सवाल पूछा तो चिराग ने कहा, वह हिंसा के पक्ष में नहीं हैं। युवाओं या छात्रों पर किसी भी तरह का अनावश्यक बल प्रयोग नहीं होना चाहिए।